19 मार्च 2020 - 18:23
भारत और पाकिस्तान में कोरोना वायरस का फैलाव तेज़, भारत में चौथे व्यक्ति ने दम तोड़ा

भारत और पाकिस्तान में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं और गुरुवार को भारत में इस वायरस के कारण मरने वालों की संख्या चार हो गई है।

भारत में कोरोना वायरस से चौथी मौत का मामला सामने आया है। सूचना के अनुसार पंजाब में कोरोना से संक्रमित एक व्यक्ति की मौत हो गई है। इससे पहले दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र में एक-एक मौत का मामला सामने आ चुका है। भारत में गुरुवार को कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 180 तक पहुंच गई है जिनमें से 15 को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। भारत में कोरोना में ग्रस्त लोगों में 25 विदेशी भी शामिल हैं जिनमें अधिकतर इटली व कनाडा के हैं। भारत के 18 राज्यों में यह वायरस पहुंच चुका है। कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए पूरे भारत में अभूतपूर्व उपाय किए जा रहे हैं जिनके अंतर्गत अधिकतर कार्यालयों को बंद कर दिया गया है जबकि सैकड़ों रेलगाड़िया भी रद्द हो गई हैं।

 

इस बीच भारत के मुसलमानों ने कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए धार्मिक आयोजन रोकने की सरकार की अपील का सकारात्मक जवाब देते हुए नमाज़े जुमा व मजलिसों के आयोजन को दो सप्ताहों के लिए स्थगित कर दिया है। लखनऊ की आसिफ़ी मस्जिद के इमामे जुमा मौलाना कलबे जवाद नक़वी ने एलान किया है कोरोना वायरस के फैलाव के मद्देनज़र 20 और 27 मार्च को आसिफ़ी मस्जिद में नमाजे़ जुमा नहीं होगी। उन्होंने भारत के विभिन्न शहरों में मौजूद अन्य इमामों से भी नमाज़े जुमा 2 सप्ताह के लिये स्थगित करने की अपील की है। 

 

उधर दुनिया भर की तरह पाकिस्तान में भी कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ रही है। पाकिस्तान का सिंध प्रांत  सबसे अधिक इसकी चपेट में है जहां कोविड-19 में ग्रस्त लोगों की संख्या 213 है जबकि पूरे पाकिस्तान में लगभग 400 लोग इससे संक्रमित हैं। पाकिस्तान में कोरोना वायरस अब तक दो लोगों की जान ले चुका है।